बिहार के मधुबनी जिले में जमीन विवाद को लेकर एक ही समुदाय के बीच हिंसक झड़प हो गई। हिंसक झड़प के बीच उपद्रवियों ने बिहार पुलिस पर हमला कर दिया। यह मामला खुटौना थाना क्षेत्र के परसाही गांव का बताया जा रहा है। गांव में दो गुटों के बीच पिछले दो-तीन महीने से जमीन विवाद चल रहा है।


ग्रामीणों को शांत कराने पहुंची पुलिस


जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते गांव रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। सूचना मिलते ही खुटौना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की लेकिन स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई।


जान बचाकर भागी पुलिस


एक पक्ष ने पुलिस टीम पर लाठी-डंडे और पत्थरों से हमला कर दिया। किसी तरह पुलिस ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। मिली जानकारी के अनुसार, हमले में कई पुलिस कर्मियों को मामूली चोटें आई हैं, हालांकि कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है।



देखते ही देखते गांव छावनी में तब्दील


स्थिति की गंभीरता को देखते हुए खुटौना थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने अनुमंडल के सभी थानों को इसकी सूचना दी। जिसके बाद लौकहा थाना, ललमनियां, फुलपरास, लौकही थाना से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इसके बाद गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। 


उपद्रवियों की पहचान कर रही पुलिस 


 स्थानीय सूत्रों से भी जानकारी जुटाकर उपद्रवियों की पहचान करने में पुलिस जुटी है। घटना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस रणनीति बना रही है। फुलपरास एसडीपीओ सुधीर कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि "पुलिस पर हमला करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।" इधर, खुटौना पुलिस ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।  पुलिस प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है।

1 تعليقات

إرسال تعليق

أحدث أقدم