इज़हार आलम, खुटौंना (मधुबनी): प्रखंड क्षेत्र के बलुआहा टोल स्थित एक आम के बगीचे में गुरुवार सुबह एक किशोरी का शव पेड़ से लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान स्थानीय निवासी के रूप में की गई है, जो पिछले दो दिनों से अपने घर से लापता थी।
घटना की जानकारी मिलते ही बगीचे में ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची खुटौंना थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया।
![]() |
| मृतिका के पिता |
मानसिक रूप से बीमार थी किशोरी
मृतिका के पिता ने बताया कि उनकी पुत्री पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। वह अक्सर बिना बताए कहीं निकल जाती थी। मंगलवार से ही वह घर से लापता थी, जिसकी तलाश परिजन काफी समय से कर रहे थे। परिजनों ने किसी भी व्यक्ति पर किसी तरह का शक जाहिर नहीं किया है।
![]() |
| मिंटू शहजादा |
नेताओं ने जताया दु:ख
मौके पर पहुंचे राजद नेता मिंटू शहजादा ने घटना पर गहरा दु:ख व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, क्योंकि किशोरी का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और प्रशासन से उचित प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।



एक टिप्पणी भेजें