कैमूर (बिहार): जिले में अवैध सूदखोरी के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। कुदरा थाना क्षेत्र में जाल बिछाकर पुलिस ने एक ऐसे सूदखोर को दबोचा है, जिसके पास से बरामद संपत्ति देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब पौने दो टन (1764 किलो) चांदी और भारी मात्रा में नकदी बरामद की है।

पीड़ित की शिकायत पर हुई कार्रवाई

​कैमूर एसपी हरिमोहन शुक्ला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह कार्रवाई एक पीड़ित की शिकायत के बाद की गई। पीड़ित ने अपनी बहन की शादी के लिए लक्ष्मण साह (निवासी कुदरा) से 1.5 लाख रुपये उधार लिए थे। इसके बदले आरोपी ने उससे ब्लैंक चेक पर हस्ताक्षर करवा लिए थे। पीड़ित द्वारा मूल राशि से कहीं अधिक पैसे चुकाने के बाद भी आरोपी उसे डरा-धमका रहा था और 5.6 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहा था।

​बरामदगी की लिस्ट (हैरान करने वाले आंकड़े):

​पुलिस ने जब आरोपी के ठिकानों पर छापेमारी की, तो अवैध संपत्ति का जखीरा हाथ लगा:

  • चांदी: 1,764 किलोग्राम (जेवरात व अन्य रूप में)
  • नकदी: 1,70,000 रुपये
  • दस्तावेज: 245 हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक (विभिन्न लोगों के)
  • जमीन के कागजात: 39 असली डीड
  • ​स्टाम्प पेपर: 65 हस्ताक्षरित ब्लैंक स्टाम्प पेपर
  • डायरी: 3 डायरियां (लेनदेन का पूरा हिसाब)
  • 4-5 गुना ब्याज का खेल

​एसपी ने बताया कि लक्ष्मण साह मजबूर लोगों को कर्ज देकर उनसे 400% से 500% तक ब्याज वसूलता था। कर्ज के बदले वह लोगों की कीमती जमीन के कागजात और चेक बुक अपने पास गिरवी रख लेता था। जो लोग पैसा नहीं चुका पाते थे, उनकी संपत्ति पर वह अवैध तरीके से कब्जा कर लेता था।

​प्रशासन की अपील

​कैमूर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में केवल RBI द्वारा अधिकृत बैंक ही ऋण देने के लिए मान्य हैं। एसपी हरिमोहन शुक्ला ने अन्य पीड़ितों से अपील की है कि वे निडर होकर सामने आएं और शिकायत दर्ज कराएं ताकि इस गिरोह की जड़ों को पूरी तरह काटा जा सके। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और उसकी अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

Post a Comment

और नया पुराने