न्यूज डेस्क: मधुबनी

मधुबनी जिला के लौकही प्रखंड अंतर्गत अंधरामठ थाना क्षेत्र के बरुआर-जरौली में बीते 14 अक्टूबर को हुऐ बहुचर्चित गोलीकांड में रौशन कुमार (22) की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के दिन उक्त युवक पास के गांव में लगने वाले हाट से देर शाम सब्जी लेकर अपने घर जा रहा था तभी बेखौफ अपराधियों ने उसे गोली मार दी थी।

इस हत्याकांड में मृतक युवक के गांव में ही अन्य जाति के लड़की से प्रेम विवाह करने का प्रसंग भी चर्चा में आया था। इस हत्याकांड मामले में अखिलेश यादव नामक एक आरोपित को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। मृतक रौशन कुमार की मां ममता देवी ने 12 लोगों के विरुद्ध अपने बेटे की हत्या कर देने का मामला दर्ज करवाया था। फिल्हाल इस कांड के अन्य सारे आरोपी फरार चल रहे हैं। वहीं कांड के अनुसंधान के बाद हत्या में संलिप्तता पाए गए आरोपितों के विरुद्ध न्यायालय द्वारा अरेस्ट वारंट जारी किए जाने को लेकर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को थानाध्यक्ष सदन राम ने पुलिस बल के साथ डुगडुगी बजाकर कांड के नामजद आरोपितों हरिराहा निवासी देवन साह, रंजीत साह, बगेवा निवासी नीतीश साह तथा जरौली निवासी लक्ष्मी साह के घर इश्तहार चस्पा करते हुए उनके परिजनों से सात दिनों के अंदर सभी फरार आरोपियों को सरेंडर कराने को कहा अन्यथा विधिवत् अग्रेत्तर कार्रवाई करते हुए उनके घरों की कुर्की जब्ती की जाएगी। यह जानकारी देते हुए एसएचओ सदन राम ने बताया कि सभी फरार आरोपी कांड संख्या 171/23 में मर्डर और आर्म्स एक्ट में वांटेड हैं।

Post a Comment

और नया पुराने